
मानसून ने रविवार को आधे मध्य प्रदेश और पूरे छत्तीसगढ़ को कवर कर लिया है। मध्यप्रदेश में रविवार शाम तेज बारिश हुई, जिसके चलते सिवनी के छपारा में कच्चा मकान गिरने से एक महिला की मौत हो गई।
वहीं उत्तर प्रदेश के बरेली, जौनपुर, सोनभद्र, कानपुर और गाजीपुर में बारिश हुई। जौनपुर और ललितपुर में बिजली गिरने से दो लोगों की मौत हुई। उत्तर प्रदेश में आज भी बारिश का अनुमान जताया गया है।
मौसम विभाग ने आज कर्नाटक और केरल में बारिश का रेड अलर्ट और अंडमान और निकोबार, गोवा, महाराष्ट्र, मध्य प्रदेश, गुजरात, तमिलनाडु, पश्चिम बंगाल, सिक्किम, मणिपुर, मेघालय, असम, नगालैंड, मिजोरम, त्रिपुरा में आज बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।
वहीं रविवार को देश के पांच राज्यों- हरियाणा, पंजाब, गुजरात, उत्तर प्रदेश और राजस्थान की 22 जगहों का तापमान 40 डिग्री से ज्यादा रहा। राजस्थान का जोधपुर 43.6 डिग्री तापमान के साथ देश में सबसे गर्म रहा।
मौसम विभाग के मुताबिक उत्तर प्रदेश, हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली और पंजाब में अगले तीन दिनों में तापमान में 2-3 डिग्री की बढ़ोतरी हो सकती है। पंजाब-हरियाणा में आज से दो दिन तक हीटवेव का अलर्ट जारी किया गया है।